हरदोई में शराब के नशे में खूनी संघर्ष, छोटे भाई ने पीट-पीटकर बड़े भाई को उतारा मौत के घाट
उप्र के हरदोई जिले के कासिमपुर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ बनियन खेड़ा गांव में नशे में धुत एक छोटे भाई ने अपने ही सगे बड़े भाई की डंडे से पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जिले के कासिमपुर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ बनियन खेड़ा गांव में नशे में धुत एक छोटे भाई ने अपने ही सगे बड़े भाई की डंडे से पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी भाई मौके से फरार हो गया है।दोनो शराब ठेके पर एक साथ गए थे और शराब के ठेके से लौटते समय विवाद हुआ।
बनियन खेड़ा निवासी 30 वर्षीय ब्रजेश अपने छोटे भाई सूरज के साथ गांव के पास स्थित शराब ठेके पर गया था। दोनों भाइयों ने वहां साथ बैठकर शराब पी। बताया जा रहा है कि वहां से वापस घर लौटते समय रास्ते में दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
नशे में धुत सूरज ने आपा खो दिया और सड़क किनारे पड़े डंडों से ब्रजेश पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सूरज ने अपने भाई को तब तक पीटा जब तक उसकी सांसें नहीं थम गईं। हत्या के बाद आरोपी मौके से भाग निकला।
ग्रामीणों ने जब ब्रजेश का लहूलुहान शव देखा तो गांव में हड़कंप मच गया और परिजनों को सूचना दी गई जिसके बाद कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही कासिमपुर पुलिस और गौसगंज चौकी इंचार्ज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एएसपी सुबोध कुमार गौतम ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर पर आरोपी सूरज के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

Janmat News 
