एटा में 20 वर्षीय किशोरी की निर्मम हत्या
20 वर्षीय किशोरी काजल पुत्री राजवीर सिंह की घर के अंदर निर्मम हत्या कर दी गई। मृतका का शव कमरे में बेड पर खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला।

एटा / जनमत न्यूज। जिले के सकरौली थाना क्षेत्र अंतर्गत बारा समसपुर गांव में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां 20 वर्षीय किशोरी काजल पुत्री राजवीर सिंह की घर के अंदर निर्मम हत्या कर दी गई। मृतका का शव कमरे में बेड पर खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला।
सुबह जब परिजन कमरे में पहुंचे तो काजल खून से सनी अवस्था में मृत पड़ी थी। घटना की सूचना मिलते ही सकरौली थाना पुलिस, क्षेत्राधिकारी जलेसर ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह मौके पर पहुंच गए।
एसएसपी श्याम नारायण सिंह ने बताया, प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया है कि किशोरी की गर्दन पर नुकीली वस्तु से वार किया गया। कमरे में दीवारों और फर्श पर खून के छींटे बिखरे हुए थे। फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड की टीमों को मौके पर बुलाकर साक्ष्य एकत्रित किए जा रहे हैं।
परिजनों के मुताबिक, युवती का विवाह हाल में ही तय हुआ था और कुछ माह में शादी होनी थी। हत्या की वजह क्या रही, यह अभी साफ नहीं हो सका है।
मृतका के पिता राजवीर सिंह ने बताया कि घटना के वक्त वे पड़ोस में दावत में गए हुए थे और रात 8 बजे लौटे थे। सुबह 4 बजे बेटी की हत्या की सूचना मिली।
एसएसपी ने बताया कि हत्या के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है। पुलिस टीमों को साक्ष्य जुटाने और संभावित कारणों की पड़ताल में लगाया गया है। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई है।