चचेरे भाई-बहन ने पेड़ से लटककर दी जान, प्रेम प्रसंग और पारिवारिक विरोध बना कारण

पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच प्रेम संबंध था, जिसका परिवार विरोध कर रहा था। इसी को लेकर घर में तनाव की स्थिति बनी हुई थी।

चचेरे भाई-बहन ने पेड़ से लटककर दी जान, प्रेम प्रसंग और पारिवारिक विरोध बना कारण
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट —

हरदोई/जनमत न्यूज। जनपद के शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बबूराई गांव में मंगलवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां चचेरे भाई-बहन ने कथित रूप से पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जुट गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने सुबह नीम के पेड़ से दो शव लटके देखे, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। मृतकों की पहचान रवि कुशवाहा (22) और काजल कुशवाहा (16) निवासी जोगीपुरा नौशेरा मोहल्ला, शाहाबाद के रूप में हुई है। दोनों रिश्ते में चचेरे भाई-बहन थे और उनके घर भी पास-पास स्थित थे।

पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच प्रेम संबंध था, जिसका परिवार विरोध कर रहा था। इसी को लेकर घर में तनाव की स्थिति बनी हुई थी। बताया गया कि सोमवार देर रात काजल के चाचा रंजीत कुशवाहा द्वारा मुकदमा दर्ज कराया गया था, जिसमें आरोप लगाया गया था कि रवि, काजल को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया है। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने पहले ही जांच शुरू कर दी थी।

मंगलवार सुबह बबूराई गांव के पास घटनास्थल, जो कि उनके घर से करीब 2 किलोमीटर दूर है, वहां दोनों के शव दुपट्टे के सहारे पेड़ से लटके पाए गए। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक राज नारायण तथा कोतवाल अरविंद राय मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की हर पहलू से जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने एक बार फिर सामाजिक मान्यताओं, पारिवारिक दबाव और युवाओं के मानसिक तनाव जैसे गंभीर मुद्दों को उजागर कर दिया है, जिस पर समाज को संवेदनशीलता के साथ विचार करने की आवश्यकता है।