फतेहपुर में अकीदत और एहतराम के साथ अदा की गई ईद-उल-फितर की नमाज, गले मिलकर दी मुबारकबाद
सुबह की पहली किरण के साथ ही शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की मस्जिदों तथा ईदगाहों में नमाजियों का आना शुरू हो गया था। तय समय पर इमाम साहब की अगुवाई में ईद की नमाज अदा की गई।
फतेहपुर से भीम शंकर की रिपोर्ट —
फतेहपुर/जनमत न्यूज। जनपद में Eid al-Fitr का त्योहार रविवार को पूरे अकीदत और एहतराम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर हजारों की संख्या में नमाजियों ने ईदगाहों और मस्जिदों में पहुंचकर ईद की नमाज अदा की और मुल्क में अमन, भाईचारा तथा तरक्की की दुआ मांगी।
सुबह की पहली किरण के साथ ही शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की मस्जिदों तथा ईदगाहों में नमाजियों का आना शुरू हो गया था। तय समय पर इमाम साहब की अगुवाई में ईद की नमाज अदा की गई। नमाज के दौरान अनुशासन और एकजुटता का अद्भुत दृश्य देखने को मिला, जब हजारों लोग एक साथ सजदे में झुके। यह दृश्य आपसी समानता और भाईचारे का प्रतीक बना रहा।
नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। छोटे-बड़े, बुजुर्ग और युवाओं में त्योहार को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चों में भी ईद की खुशियों की अलग ही रौनक नजर आई।
इस दौरान सभी ईदगाहों और मस्जिदों में शांति और सौहार्द का वातावरण बना रहा और नमाज पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। फतेहपुर में ईद-उल-फितर का यह पर्व एक बार फिर गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे की मिसाल बनकर सामने आया।

Janmat News 
