तेज रफ्तार कार का कहर: दो बाइकों को मारी टक्कर, चार की मौके पर मौत, दो गंभीर
मृतक आपस में चचेरे भाई थे और एक ही परिवार से संबंध रखते थे। जैसे ही हादसे की सूचना परिवार तक पहुंची, घर में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
लखीमपुर से लोकेन्द्र प्रताप की रिपोर्ट —
लखीमपुर खीरी / जनमत न्यूज। जिले के फरधान थाना क्षेत्र अंतर्गत बेहजम रोड पर रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम छा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार लाल रंग की अनियंत्रित ब्रेजा कार ने बारात से लौट रहे दो मोटरसाइकिल सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार लोग दूर जा गिरे और चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।
सूचना मिलते ही फरधान थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। वहीं मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है।
बताया जा रहा है कि मृतक आपस में चचेरे भाई थे और एक ही परिवार से संबंध रखते थे। जैसे ही हादसे की सूचना परिवार तक पहुंची, घर में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।

Janmat News 
