प्रतापगढ़ पुलिस ने खोजकर लौटाए 376 गुम मोबाइल, एसपी दीपक भूकर ने की जनता से अपील

उप्र की प्रतापगढ़ पुलिस को गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने CEIR पोर्टल की तकनीकी सहायता और सर्विलांस के माध्यम से कुल 376 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

प्रतापगढ़ पुलिस ने खोजकर लौटाए 376 गुम मोबाइल, एसपी दीपक भूकर ने की जनता से अपील
Published By- Diwaker Mishra

प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र की प्रतापगढ़ पुलिस को गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने CEIR पोर्टल की तकनीकी सहायता और सर्विलांस के माध्यम से कुल 376 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत लगभग 67 लाख 68 हजार रुपये बताई गई है।

वहीं बुधवार दोपहर 1 बजे प्रतापगढ़ पुलिस लाइन स्थित साईं कॉम्प्लेक्स में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर और अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार ने बरामद किए गए मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे। अपना मोबाइल वापस पाकर लाभार्थियों ने पुलिस की तकनीकी और प्रभावी कार्यप्रणाली की सराहना की।

पुलिस के अनुसार मोबाइल बरामदगी के अभियान में लगातार बेहतर परिणाम सामने आ रहे हैं। जून माह में पिछले महीने की तुलना में मोबाइल बरामदगी में 65.03 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई थी।

जिससे जनपद की रैंकिंग 40 वें स्थान से बढ़कर 10वें स्थान पर पहुंच गई थी। जुलाई में मोबाइल बरामदगी का प्रतिशत 87.9 रहा। बरामद किए गए 376 मोबाइलों में विभिन्न कंपनियों के फोन शामिल हैं।

इनमें Vivo के 80, Realme के 46, Oppo के 42, Samsung के 36, Redmi के 30, Tecno और Poco के 15-15, Motorola के 13, OnePlus के 12, Infinix के 9, IQOO के 6, Nothing के 3 तथा Google Pixel और Itel के 1-1 मोबाइल फोन हैं।

इनके अतिरिक्त अन्य कंपनियों के 58 मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने जनता से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने पर तत्काल संबंधित थाने में सूचना दें और CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

उन्होंने बताया कि IMEI नंबर के आधार पर CEIR के माध्यम से गुम या चोरी हुए मोबाइल को मोबाइल नेटवर्क पर ब्लॉक कराया जा सकता है, जिससे उसके दुरुपयोग को रोका जा सके।