बुलंदशहर में सावन का पहला सोमवार: शिव मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब, भोले के जयकारों से गूंजे शिवालय
उप्र के बुलंदशहर जनपद में सावन महीने के पहले सोमवार को शिवभक्ति का अद्भुत उत्साह देखने को मिला। जिले के विभिन्न शिव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।
बुलंदशहर से सत्यवीर सिंह की रिपोर्ट
बुलंदशहर/जनमत न्यूज़। उप्र के बुलंदशहर जनपद में सावन महीने के पहले सोमवार को शिवभक्ति का अद्भुत उत्साह देखने को मिला। जिले के विभिन्न शिव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। "हर-हर महादेव" और "बम-बम भोले" के जयकारों से शिवालय गूंज उठे।
शिकारपुर तहसील क्षेत्र स्थित प्राचीन शिव मंदिर बरासऊ में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का दुग्धाभिषेक, बेलपत्र, धतूरा और पुष्प अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
स्थानीय लोगों का मानना है कि प्राचीन शिव मंदिर बरासऊ में सच्ची श्रद्धा से जल चढ़ाकर मांगी गई मनोकामना भगवान भोलेनाथ अवश्य पूर्ण करते हैं। इसी आस्था के चलते हर वर्ष सावन के पहले सोमवार को यहां हजारों श्रद्धालु दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं।
"हम हर साल सावन के पहले सोमवार को बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करने आते हैं। हमारी भगवान शिव में अटूट आस्था है। बाबा सभी भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करें और सभी के जीवन में सुख-समृद्धि बनी रहे। हर-हर महादेव!"


