एटा में कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से हुई पुष्पवर्षा, श्रवण गंगा समिति के सूर्य प्रताप सिंह ने कराया आयोजन
उप्र के एटा जनपद में विभिन्न कांवड़ मार्गों से गुजर रहे कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई। यह आयोजन श्रावण मास के दौरान कांवड़ियों के स्वागत के लिए किया गया था।
एटा से नंद कुमार की रिपोर्ट
एटा/जनमत न्यूज़। उप्र के एटा जनपद में विभिन्न कांवड़ मार्गों से गुजर रहे कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई। यह आयोजन श्रावण मास के दौरान कांवड़ियों के स्वागत के लिए किया गया था।
कांवड़ियों के स्वागत हेतु यह हेलीकॉप्टर श्रवण गंगा सेवा समिति के सचिव सूर्यप्रताप सिंह 'सूरज' ने दिल्ली से बुक कराया था। हेलीकॉप्टर ने हाथरस जनपद के सिकंदराराऊ-कासगंज रोड से होते हुए एटा के अवागढ़ क्षेत्र में कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की।
इसके उपरांत, एटा के लालपुर गांव स्थित हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर ने लैंड किया। पुष्पवर्षा का यह सिलसिला फिरोजाबाद जनपद के टूंडला और आगरा के मनकामेश्वर मंदिर तक भी जारी रहा, जहां कांवड़ियों पर फूलों की बारिश की गई।
अवागढ़ के लालपुर में पुष्पवर्षा की तैयारियों और हेलीकॉप्टर से हुई इस बारिश को लेकर क्षेत्र के लोगों में उत्साह देखा गया। एटा के अवागढ़ थाना क्षेत्र के गांव लालपुर में सूर्य प्रताप सिंह 'सूरज' के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता ने भी जेसीबी पर खड़े होकर कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की।
श्रवण गंगा समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि उनकी शिव भक्ति में गहरी आस्था है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से प्रेरित होकर यह निर्णय लिया। समिति पिछले वर्ष भी ऐसा आयोजन करना चाहती थी, लेकिन इस वर्ष यह संभव हो पाया।
पदाधिकारियों ने बताया कि आगरा, फिरोजाबाद और एटा के विभिन्न कांवड़ मार्गों पर पुष्पवर्षा की गई। उन्होंने भोलेनाथ की कृपा से बरसात के मौसम में भी पुष्पवर्षा का कार्यक्रम सफल होने की बात कही।




