हरदोई: कांवड़ यात्रा में दिखा भक्ति और राष्ट्रभाव का संगम, योगी-मोदी के रूप में सजे शिवभक्त बने आकर्षण

उप्र के हरदोई जिले में सावन माह के दौरान रविवार को हरदोई शहर में भव्य कांवड़ यात्रा निकाली गई। यहाँ छोटे चौराहे से बुलडोजर और कार पर सवार होकर शुरू हुई इस यात्रा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के रूप में सजे शिवभक्त आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे।

हरदोई: कांवड़ यात्रा में दिखा भक्ति और राष्ट्रभाव का संगम, योगी-मोदी के रूप में सजे शिवभक्त बने आकर्षण
Published By- Diwaker Mishra

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट

हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जिले में सावन माह के दौरान रविवार को हरदोई शहर में भव्य कांवड़ यात्रा निकाली गई। यहाँ छोटे चौराहे से बुलडोजर और कार पर सवार होकर शुरू हुई इस यात्रा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के रूप में सजे शिवभक्त आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे।

उन्हें देखने और उनके साथ फोटो लेने के लिए जगह-जगह लोगों की भीड़ जुटी रही। जानकारी के अनुसार हरदोई शहर के बावन चुंगी निवासी पप्पू मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का रूप धारण कर बुलडोजर पर सवार होकर यात्रा में शामिल हुए।वह पूरे रास्ते लोगों का अभिवादन करते नजर आए।

पप्पू ने बताया कि वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कार्यशैली से प्रभावित हैं, इसलिए हर वर्ष कांवड़ यात्रा में उनका रूप धारण करते हैं। उन्होंने कहा कि उनकी इच्छा है कि 2027 में भी योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री बनें।

ढोल-नगाड़ों की थाप और 'बम-बम भोले' के जयकारों के बीच निकली यात्रा से शहर का माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया। यात्रा में भगवान श्रीराम, श्रीगणेश और हनुमान जी की आकर्षक झांकियां भी शामिल रहीं। शिवभक्त ढोल की ताल पर नाचते-गाते हुए आगे बढ़ते रहे।

यात्रा छोटे चौराहे से शुरू होकर बड़ा चौराहा, सिनेमा चौराहा,जिंदपीर चौराहा, सर्कुलर रोड, रफी अहमद किदवई चौराहा और मुन्ना चौराहा होते हुए बिलग्राम के पवित्र राजघाट के लिए रवाना हुई। रास्ते में स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने कांवड़ियों का स्वागत किया।