मुगलसराय में 9 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के प्रयास का मामला, ग्रामीणों की सतर्कता से आरोपी गिरफ्तार

बच्ची अपने घर के पास खेल रही थी, तभी आरोपी युवक उसे बहला-फुसलाकर एक बाउंड्री वाल के भीतर ले गया। आरोप है कि वहां उसने बच्ची के साथ अशोभनीय हरकत करने का प्रयास किया। बच्ची द्वारा शोर मचाने पर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आरोपी को पकड़ लिया।

मुगलसराय में 9 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के प्रयास का मामला, ग्रामीणों की सतर्कता से आरोपी गिरफ्तार
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

चंदौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट —

चंदौली/जनमत न्यूज। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में नौ वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के प्रयास की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शुक्रवार देर शाम हुई इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी हफ़िजुर्रहमान को गिरफ्तार कर लिया है और उसके विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, बच्ची अपने घर के पास खेल रही थी, तभी आरोपी युवक उसे बहला-फुसलाकर एक बाउंड्री वाल के भीतर ले गया। आरोप है कि वहां उसने बच्ची के साथ अशोभनीय हरकत करने का प्रयास किया। बच्ची द्वारा शोर मचाने पर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आरोपी को पकड़ लिया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने लाई।

पीड़िता के परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया गया है तथा प्रकरण में सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोप पत्र शीघ्र न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि आरोपी को कठोर दंड मिल सके।

पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है और उसके पूर्व रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचने की अपील की है।

साथ ही पुलिस ने अभिभावकों से बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का अनुरोध किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है और पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से विवेचना कर रही है।