रोहिन बैराज का लोकार्पण 654 करोड़ की 629 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण शिलान्यास

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वक्फ बोर्ड के नाम पर अब कोई डकैती नहीं डालेगा। इस संपत्ति का उपयोग विद्यालय और मेडिकल कॉलेज बनाने के लिए किया जाएगा। वक्फ बोर्ड के नाम पर लाखों एकड़ भूमि पर कब्जा था, लेकिन इससे किसी गरीब का कल्याण नहीं होता था।

रोहिन बैराज का लोकार्पण 654 करोड़ की 629 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण शिलान्यास
Reported By: Vijay Chaurasiya

महराजगंज (जनमत):मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वक्फ बोर्ड के नाम पर अब कोई डकैती नहीं डालेगा। इस संपत्ति का उपयोग विद्यालय और मेडिकल कॉलेज बनाने के लिए किया जाएगा। वक्फ बोर्ड के नाम पर लाखों एकड़ भूमि पर कब्जा था, लेकिन इससे किसी गरीब का कल्याण नहीं होता था। अब इस लूट पर सख्ती से लगाम लगेगी। पिछली सरकारों को अपने परिवार का पेट भरने की फुर्सत नहीं थी। पहले एक जनपद एक माफिया की पहचान था, लेकिन अब हर जनपद में एक मेडिकल कॉलेज स्थापित किया जाएगा। यूपी अब बीमारू राज्य नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायी मार्गदर्शन से उत्तर प्रदेश अब नई ऊंचाइयों तक पहुंच रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को महराजगंज जिले के रतनपुर में 654 करोड़ रुपये की 629 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और दो वर्षों में यह तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। हर घर बिजली के बाद अब हर घर नल-जल योजना को मूर्त रूप दिया जा रहा है। महराजगंज अब पिछड़ा जिला नहीं रहा है। विकास और विरासत का समन्वय काशी और अयोध्या के उदाहरणों के रूप में देखा जा सकता है। महाकुंभ का आयोजन देखकर पूरी दुनिया हैरान रह गई।

उन्होंने कहा कि आज जगह-जगह हाईवे, मेडिकल कॉलेज, विद्यालय और अन्य आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उत्तर प्रदेश अब देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले, जब त्योहार आते थे, तो लोग इस बात पर चिंतित रहते थे कि कब क्या हो जाए। 2017 के बाद से दंगे नहीं हुए। अगर किसी ने दंगा किया, तो उसे अपने बाप-दादा की कमाई से भी वंचित होना पड़ा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब यूपी में कोई भूखा नहीं मरता। सरकार नौजवानों के लिए शिक्षा, बेटियों की सुरक्षा, व्यापारियों का सम्मान और अन्नदाताओं की खुशहाली के लिए कार्य कर रही है। रोहिन बैराज इसका उदाहरण है, जिससे बड़ी संख्या में किसानों को सिंचाई का लाभ मिलेगा।

इस अवसर पर केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु, नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी, पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया, सिसवा विधायक प्रेम सागर पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल और भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।