मुजफ्फरनगर: दहेज की मांग को लेकर विवाहिता से मारपीट, भाई ने ससुराल पक्ष पर लगाए गंभीर आरोप
उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के भोपा थाना क्षेत्र में एक विवाहिता के साथ दहेज की मांग को लेकर मारपीट, जान से मारने का प्रयास और तीन तलाक देने का मामला सामने आया है।
मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट
मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के भोपा थाना क्षेत्र में एक विवाहिता के साथ दहेज की मांग को लेकर मारपीट, जान से मारने का प्रयास और तीन तलाक देने का मामला सामने आया है। पीड़िता के भाई ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
प्रार्थी आदिल पुत्र इस्लाम, निवासी ग्राम रणखंडी, थाना देवबंद, जिला सहारनपुर का आरोप है कि उसकी बहन मोसिना की शादी भोपा नई बस्ती निवासी आस मोहम्मद पुत्र अनीस के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति व ससुराल पक्ष दहेज में नकदी और कार की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करते रहे।
आरोप है कि 25 जुलाई को दोपहर करीब 3 बजे पति आस मोहम्मद, ससुर अनीस, सास आसिया, देवर आसिफ और ननद साबरा ने विवाहिता के साथ मारपीट की, गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया तथा उसके कपड़े फाड़ दिए। शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि घटना के दौरान पति ने मौके पर ही तीन तलाक दे दिया।
घायल विवाहिता को पहले भोपा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मुजफ्फरनगर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
फिलहाल इस मामले में पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है। इसलिए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। यदि तहरीर दी जाती है, तो पुलिस जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।


