हरदोई में सपा का हल्ला बोल, जनहित की समस्याओं को लेकर राष्ट्रपति को भेजा 17 सूत्रीय मांग पत्र
उप्र के हरदोई जनपद में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष शराफत अली के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया और उसके बाद राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन मजिस्ट्रेट को सौंपा।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष शराफत अली के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया और उसके बाद राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन मजिस्ट्रेट को सौंपा।
सपा नेताओं ने कहाकि इस समय प्रदेश से लेकर हरदोई तक मे तमाम समस्याओं से लोग परेशान है।इस ज्ञापन में स्मार्ट मीटर से लेकर बेरोजगारी और महिला आरक्षण जैसे 17 गंभीर मुद्दों पर सरकार का ध्यान आकर्षित किया गया है।
सपा नेताओं ने कलेक्ट्रेट नारेबाजी की और उसके बाद ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन के माध्यम से सपा ने मांग की है कि जनता पर जबरन थोपे जा रहे स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर लगाए जाएं।
शहर की चरमराती व्यवस्था पर प्रहार करते हुए पार्टी ने सीवर लाइन, जल निकासी और शहर को जाम मुक्त करने के लिए बस अड्डों को बाहर शिफ्ट करने की मांग की।
साथ ही, हरदोई स्टेशन पर वंदे भारत और बघौली स्टेशन पर जनता एक्सप्रेस के पुनः ठहराव की बात कही।सपा ने बेरोजगारी और महंगाई पर घेरा और ज्ञापन में युवाओं और मजदूरों के हितों को प्रमुखता दी है।
इसके साथ ही गांव के मजदूरों को साल के 365 दिन काम देने और युवाओं को स्वरोजगार के लिए राष्ट्रीय बैंकों से आसान ऋण दिलाने की मांग की गई।साथ ही लगातार बढ़ती महंगाई पर अंकुश लगाने के लिए तत्काल कदम उठाने की अपील की।
सपा ने एक बार फिर चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए लोकसभा और विधानसभा चुनाव ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर से कराने की मांग की। इसके अलावा महिलाओं को 30% आरक्षण देने, जिसमें दलित, पिछड़ी और अल्पसंख्यक महिलाओं का विशेष ध्यान रखने की मांग उठाई।
ज्ञापन सौंपने वालों में मुख्य रूप से जिलाध्यक्ष शराफत अली,पूर्व सांसद और यूपी सरकार में राज्यमंत्री रही ऊषा वर्मा आदि रहे। उषा वर्मा ने कहा कि महंगाई की समस्या है महिलाओं और बच्चों के साथ अन्याय अत्याचार हो रहा है बलात्कार हो रहा है भ्रष्टाचार इतना बढ़ गया है उसे सब के विरोध में ज्ञापन दिया गया है।

Janmat News 
