जिम धर्मांतरण मामले में पुलिस ने दाखिल की 6 हजार पेज की चार्जशीट

उत्तर प्रदेश पुलिस की देहात कोतवाली पुलिस ने गहन जांच के बाद न्यायालय में विस्तृत आरोप पत्र दाखिल किया है। इससे पहले जिला जज द्वारा आरोपियों की जमानत याचिका भी खारिज की जा चुकी है।

जिम धर्मांतरण मामले में पुलिस ने दाखिल की 6 हजार पेज की चार्जशीट
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

मिर्जापुर से आनंद तिवारी की रिपोर्ट —

मिर्जापुर/जनमत न्यूज। मिर्जापुर के चर्चित जिम धर्मांतरण मामले में पुलिस ने न्यायालय में लगभग 6 हजार पेज की चार्जशीट दाखिल की है। मामले में आरोप है कि शहर के विभिन्न जिमों में आने वाली लड़कियों और महिलाओं को दोस्ती और प्रेमजाल में फंसाकर उनका वीडियो बनाया जाता था, फिर ब्लैकमेल कर अवैध वसूली और धर्मांतरण का दबाव बनाया जाता था।

जानकारी के अनुसार इस मामले में अब तक 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस जांच में सामने आया कि शहर में अलग-अलग नामों से संचालित पांच जिमों के जरिए इस पूरे नेटवर्क को संचालित किया जा रहा था।

बताया गया कि जिम ट्रेनर और संचालक पहले लड़कियों से दोस्ती कर उनका विश्वास जीतते थे। इसके बाद कथित रूप से निजी वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल किया जाता था और फिर अवैध वसूली व धर्मांतरण के लिए दबाव बनाया जाता था।

इस मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस की देहात कोतवाली पुलिस ने गहन जांच के बाद न्यायालय में विस्तृत आरोप पत्र दाखिल किया है। इससे पहले जिला जज द्वारा आरोपियों की जमानत याचिका भी खारिज की जा चुकी है।

गौरतलब है कि बीते 19 जनवरी को दो युवतियों ने देहात कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि जिम संचालकों और ट्रेनरों द्वारा उन्हें प्रेमजाल में फंसाकर वीडियो के जरिए ब्लैकमेल किया गया। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी, जिसमें कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए।

फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है।