सहारनपुर: नशे की लत ने बनाया बाइक चोर; 3 शातिर गिरफ्तार, 9 मोटरसाइकिलें बरामद

उप्र के सहारनपुर जनपद के सरसावा थाना पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है।

सहारनपुर: नशे की लत ने बनाया बाइक चोर; 3 शातिर गिरफ्तार, 9 मोटरसाइकिलें बरामद
Published By- Diwaker Mishra

सहारनपुर से अनिल वर्मा की रिपोर्ट

सहारनपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के सहारनपुर जनपद के सरसावा थाना पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर चोरी की 9 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितिन कुमार उर्फ रोहित फौजी निवासी झबीरण, वंश उर्फ राजा निवासी गदरहेड़ी और गौरव निवासी झबीरण के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को नकुड़सरसावा मार्ग पर हाईवे पुल के नीचे संदिग्ध व्यक्ति और वाहन चेकिंग के दौरान पकड़ा गया।

पूछताछ में आरोपियों ने सरसावा, सदर बाजार और चिलकाना थाना क्षेत्रों के अलावा हरियाणा से भी मोटरसाइकिलें चोरी करने की बात कबूल की। आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए मिलकर बाइक चोरी करते थे।

पुलिस के अनुसार, चोरी की मोटरसाइकिलों को ग्रामीण इलाकों में करीब 6 से 8 हजार रुपये में बेच दिया जाता था। आरोपियों ने राधा स्वामी सत्संग व्यास सरसावा और पीजीआई पिलखनी अस्पताल से बाइक चोरी करने की बात भी बताई।

पुलिस को आरोपियों की निशानदेही पर नकुड़ रोड स्थित बंद पड़े ईंट भट्ठे के पुराने खंडहरों से बाइकें बरामद हुईं। इनमें कुछ मोटरसाइकिलों के इंजन और चेसिस नंबर मिटाए गए थे, ताकि उनकी पहचान न हो सके।पुलिस ने बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में धाराओं की बढ़ोतरी की है।

गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस अब बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में अन्य जिलों और हरियाणा में दर्ज मामलों की भी जांच कर रही है।