हाथरस में खाई में पलटी रोडवेज बस, 9 यात्री घायल, दो की हालत गंभीर
यात्रियों का आरोप है कि बस चालक तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था और रास्ते में कई स्थानों पर रुककर होटल पर शराब का सेवन भी किया था।
हाथरस से होमेश कुमार मिश्रा की रिपोर्ट —
हाथरस/जनमत न्यूज। उत्तर प्रदेश के हाथरस जनपद में गुरुवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। सिकंदरा राव थाना क्षेत्र के बिलार गांव के पास एक रोडवेज बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में 9 यात्री घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एटा डिपो की रोडवेज बस दिल्ली से यात्रियों को लेकर फर्रुखाबाद जा रही थी। जैसे ही बस सिकंदरा राव क्षेत्र के हाईवे पर बिलार गांव के निकट पहुंची, चालक अचानक बस से नियंत्रण खो बैठा और बस खाई में जाकर पलट गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार शुरू हो गई। आसपास के ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और ग्रामीणों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया।
सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। दो यात्रियों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर भेज दिया गया।
यात्रियों का आरोप है कि बस चालक तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था और रास्ते में कई स्थानों पर रुककर होटल पर शराब का सेवन भी किया था। उनका कहना है कि चालक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ।
हादसे के बाद कुछ यात्रियों का सामान और मोबाइल फोन बस में ही छूट गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा नियमों के पालन और लापरवाही से वाहन चलाने के गंभीर परिणामों को सामने ला दिया है।

Janmat News 
