सहारनपुर: देवबंद के युवती हत्याकांड का खुलासा, आरोपी मां-बेटे गिरफ्तार
उप्र के सहारनपुर जनपद के देवबंद थाना क्षेत्र में युवती की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहित और उसकी मां ओमवती को गिरफ्तार किया है।
सहारनपुर से अनिल वर्मा की रिपोर्ट
सहारनपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के सहारनपुर जनपद के देवबंद थाना क्षेत्र में युवती की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहित और उसकी मां ओमवती को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, युवती का मोहित के साथ पिछले कई वर्षों से प्रेम संबंध था। मोहित उससे शादी करना चाहता था, लेकिन संबंध सामने आने के बाद हुई बदनामी के चलते दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।
पुलिस का दावा है कि 15 सितंबर को मोहित ने युवती को अपनी छत पर बुलाया और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने अपनी मां ओमवती को घटना की जानकारी दी।
आरोप है कि मां-बेटे ने शव को मोटरसाइकिल पर रखकर कपड़े से ढका और साखन नहर में फेंक दिया। मामले में 17 सितंबर को मृतका के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान ओमवती की भूमिका भी सामने आई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मोहित की निशानदेही पर मृतका का क्षतिग्रस्त वीवो मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।




