संभल: 11 घंटे तक मोबाइल टावर पर चढ़ा रहा युवक, पत्नी की मौत के बाद मानसिक रूप से है परेशान
उप्र के संभल जिले में एक युवक 11 घंटे तक मोबाइल टावर पर चढ़ा रहा। पत्नी की मौत के बाद युवक को मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा है।
संभल से राम व्रेश यादव की रिपोर्ट
संभल/जनमत न्यूज़। उप्र के संभल जिले में एक युवक 11 घंटे तक मोबाइल टावर पर चढ़ा रहा। पत्नी की मौत के बाद युवक को मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा है। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद मोबाइल टावर पर चढ़े युवक को नीचे उतारकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पूरा मामला संभल के कैलादेवी थाना क्षेत्र के गांव मुजफ्फरपुर का है। यहां गांव निवासी 28 वर्षीय सोमपाल पुत्र चंद्रभान अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। उसकी इस हरकत से गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार युवक मानसिक रूप से कमजोर बताया जा रहा है। करीब 8 साल पहले बीमारी के कारण उसकी पत्नी की मौत हो गई थी। उसकी 8 वर्षीय बेटी राधा उसके साथ रहती है। युवक को नीचे उतारने के लिए उसका भाई भी टावर पर चढ़ा, लेकिन सोमपाल ने भाई को अपनी ओर आता देख और ऊपर चढ़ना शुरू कर दिया।
उसने टावर से कूदकर जान देने की धमकी भी दी। ग्रामीणों के काफी समझाने के बावजूद युवक नहीं माना।टावर पर चढ़े युवक ने तार काटने शुरू कर दिए, जिससे गांव में मोबाइल नेटवर्क प्रभावित होने लगा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को नीचे उतारने का काफी प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना।
पुलिस ने भीड़ को हटाकर युवक को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश जारी रखी। इसी दौरान युवक ने टावर के लोहे के एंगल भी तोड़ दिए और नेटवर्क की केबल क्षतिग्रस्त कर दी। करीब 11 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस युवक को सुरक्षित नीचे उतारने में सफल रही।
मिली जानकारी के अनुसार पत्नी की मौत के बाद युवक अक्सर मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था और तरह-तरह की बातें करता था।

Janmat News 
