एटा में दर्दनाक हादसा: घर के बाहर खेल रहे दो वर्षीय मासूम को ट्रैक्टर ने कुचला, मौत से गांव में मातम

अभय प्रताप का पुत्र कार्तिकेय अपने घर के दरवाजे पर खेल रहा था। इसी दौरान मेहरम से भरा एक ट्रैक्टर तेज गति से आया और अनियंत्रित होकर बच्चे के ऊपर चढ़ गया। हादसा इतना भीषण था कि बच्चे के सिर में गंभीर चोटें आईं।

एटा में दर्दनाक हादसा: घर के बाहर खेल रहे दो वर्षीय मासूम को ट्रैक्टर ने कुचला, मौत से गांव में मातम
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

एटा से नंद कुमार की रिपोर्ट —

एटा/जनमत न्यूज। जिले के जैथरा थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव नगला सवित में शनिवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसे में दो वर्षीय मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। घर के बाहर खेल रहे मासूम को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गांव निवासी अभय प्रताप का पुत्र कार्तिकेय अपने घर के दरवाजे पर खेल रहा था। इसी दौरान मेहरम से भरा एक ट्रैक्टर तेज गति से आया और अनियंत्रित होकर बच्चे के ऊपर चढ़ गया। हादसा इतना भीषण था कि बच्चे के सिर में गंभीर चोटें आईं। चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर दौड़े और गंभीर रूप से घायल बच्चे को तत्काल अलीगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के ताऊ अशोक ने बताया कि कार्तिकेय परिवार का इकलौता बेटा था। उसके असमय निधन से परिवार का चिराग बुझ गया है। वहीं मृतक की चाची शालिनी ने बताया कि हादसे के समय वह घर के बाहर कपड़े धो रही थीं, जबकि बच्चे की मां प्रियंका घर के अंदर थीं। ट्रैक्टर की तेज आवाज सुनकर जब वे बाहर दौड़ीं तो देखा कि ट्रैक्टर बच्चे के सिर के ऊपर चढ़ चुका था और मासूम नाली में तड़प रहा था। यह दृश्य देखकर पूरा परिवार सदमे में चला गया।

मृतक के चाचा उदय प्रताप ने भावुक होते हुए बताया कि हादसे से कुछ ही देर पहले उन्होंने कार्तिकेय के साथ खाना खाया था और फिर खेत चले गए थे। घटना की सूचना मिलते ही वे तुरंत लौटे, लेकिन तब तक उनके भतीजे की सांसें थम चुकी थीं।

परिजनों ने बताया कि प्रियंका के तीन बच्चे हैं—काजल (10 वर्ष), सिद्धि (6 वर्ष) और सबसे छोटा कार्तिकेय (2 वर्ष), जिसकी इस हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। मृतक के पिता अभय प्रताप नोएडा में क्रेन चालक के रूप में कार्यरत हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही वह भी बदहवास हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही जैथरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी रितेश ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है और मामले की जांच की जा रही है।