आगामी त्योहारों को लेकर प्रशासन सतर्क, डीएम व पुलिस अधिकारियों ने किया फ्लैग मार्च
अधिकारियों ने चैत्र नवरात्रि के दौरान माहेश्वरी देवी मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया। इस दौरान मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की गई, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बांदा से आशीष सागर दीक्षित की रिपोर्ट —
बांदा/जनमत न्यूज। आगामी धार्मिक पर्वों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी श्रीमती जे. रीभा, पुलिस उप महानिरीक्षक राजेश एस, पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल, सीओ सिटी एवं सहायक पुलिस अधीक्षक श्रीमती मेविस टाक ने पुलिस बल के साथ शहर में फ्लैग मार्च किया।
फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाए रखने के निर्देश दिए और शहर के प्रमुख क्षेत्रों का निरीक्षण किया। प्रशासन की ओर से कोतवाली नगर क्षेत्र से लेकर प्रमुख बाजारों, माहेश्वरी देवी मंदिर, ईदगाह सहित कई संवेदनशील स्थानों पर पैदल मार्च करते हुए लोगों से शांति और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की गई।
अधिकारियों ने चैत्र नवरात्रि के दौरान माहेश्वरी देवी मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया। इस दौरान मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की गई, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
फ्लैग मार्च के दौरान मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं से संवाद भी किया गया तथा उन्हें सुरक्षा से जुड़े जरूरी सुझाव दिए गए। साथ ही व्यापारियों और आम नागरिकों से आगामी त्योहारों को आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की गई।
प्रशासन की ओर से लोगों को अफवाहों से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या परिस्थिति की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की सलाह भी दी गई है। अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। इस फ्लैग मार्च में पुलिस प्रशासन के अधिकारीगण, स्थानीय संभ्रांत नागरिक तथा व्यापारी भी मौजूद रहे।

Janmat News 
