बलरामपुर: देवीपाटन पहुंचे मुख्यमंत्री योगी, शक्तिपीठ में किए दर्शन; नवरात्रि मेले का करेंगे निरीक्षण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को बलरामपुर जनपद के प्रसिद्ध देवीपाटन तुलसीपुर मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने शक्तिपीठ में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

बलरामपुर: देवीपाटन पहुंचे मुख्यमंत्री योगी, शक्तिपीठ में किए दर्शन; नवरात्रि मेले का करेंगे निरीक्षण
Published By- Diwaker Mishra

बलरामपुर से गुलाम नबी कुरैशी की रिपोर्ट

बलरामपुर/जनमत न्यूज़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को बलरामपुर जनपद के प्रसिद्ध देवीपाटन तुलसीपुर मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने शक्तिपीठ में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।

मुख्यमंत्री करीब डेढ़ से दो घंटे तक देवीपाटन मंदिर परिसर में रहेंगे। इस दौरान वे चल रहे नवरात्रि मेले का निरीक्षण करेंगे और व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए साफ-सफाई, सुरक्षा, पेयजल और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अधिकारियों के साथ बैठक भी करेंगे, जिसमें मेले की व्यवस्थाओं, भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा इंतजाम और अन्य जरूरी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा होगी। संबंधित विभागों के अधिकारी उन्हें मौके पर ही प्रेजेंटेशन और रिपोर्ट के माध्यम से जानकारी देंगे।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासनिक अमला पूरी तरह मुस्तैद है। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, वहीं प्रवेश और निकास मार्गों पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

नवरात्रि के पावन अवसर पर देवीपाटन मंदिर में हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मुख्यमंत्री के इस दौरे से व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने तथा श्रद्धालुओं को सुविधाएं देने पर जोर दिया जा रहा है।