बलरामपुर: तेंदुए के हमले में नवजात की मौत, गांव में दहशत का माहौल; परिवार में मातम
उप्र के बलरामपुर जनपद के निनौहनी गांव में एक दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। यहां कथित तौर पर तेंदुए के हमले में 25 दिन की मासूम बच्ची की मौत हो गई।
बलरामपुर से गुलाम नबी कुरैशी की रिपोर्ट
बलरामपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के बलरामपुर जनपद के निनौहनी गांव में एक दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। यहां कथित तौर पर तेंदुए के हमले में 25 दिन की मासूम बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और परिवार में मातम पसरा हुआ है।
मामला बलरामपुर के सुहेलवा वन्यजीव प्रभाग के बनकटवा रेंज अंतर्गत थाना हरैया क्षेत्र के निनौहनी गांव का है, जहां शाम करीब 4 बजे घर के आंगन में लेटी नवजात बच्ची को एक जंगली जानवर उठाकर ले गया।
परिजनों के शोर मचाने पर ग्रामीण इकट्ठा हुए और करीब 400 मीटर दूर गेहूं के खेत में बच्ची को बरामद किया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद मां का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पिता गहरे सदमे में हैं।
सूचना पर पहुंची पुलिस और वन विभाग की टीम जांच में जुटी है। हालांकि वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अभी तक किसी वन्य जीव के स्पष्ट पदचिह्न नहीं मिले हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।
वहीं, ग्रामीणों ने इलाके में बढ़ते वन्यजीवों के खतरे को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिया है।

Janmat News 
