प्राथमिक विद्यालय में पीडीए की पाठशाला चलाने पर मुकदमा दर्ज, हेड मास्टर निलंबित, शिक्षा विभाग में मचा हड़कंप
खंड शिक्षा अधिकारी अमित कुमार दुबे की तहरीर पर फतनपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही विद्यालय के हेड मास्टर बृजेश सिंह को निलंबित कर दिया गया है।

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज। प्रतापगढ़ जिले में रानीगंज तहसील के गौरा विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय नारायणपुर कला में समाजवादी पार्टी विधायक डॉक्टर आर.के. वर्मा और उनके सहयोगियों द्वारा पीडीए की पाठशाला चलाने का मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।
इस मामले में खंड शिक्षा अधिकारी अमित कुमार दुबे की तहरीर पर फतनपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही विद्यालय के हेड मास्टर बृजेश सिंह को निलंबित कर दिया गया है।
घटना के संज्ञान में आने के बाद दो शिक्षा मित्रों और खंड शिक्षा अधिकारी अमित कुमार दुबे को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
सरकारी विद्यालय में राजनीतिक गतिविधि के आरोप ने शिक्षा विभाग और प्रशासन में हलचल मचा दी है। जांच में दोषी पाए जाने पर अन्य जिम्मेदारों पर भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी सरकारी विद्यालय में राजनीतिक गतिविधियों की अनुमति नहीं दी जा सकती।