प्रधानी चुनाव रंजिश में दबंगों का जानलेवा हमला, एक महिला सहित सात घायल, युवक की हालत गंभीर
शनिवार रात एक घर पर गांव के दबंगों द्वारा लाठी-डंडा और कुदाल से जानलेवा हमला किए जाने की घटना सामने आई है। इस हमले में एक महिला सहित सात लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं,
बलरामपुर/जनमत न्यूज। बलरामपुर जनपद के नगर कोतवाली क्षेत्र के सेखुइया गांव में प्रधानी चुनाव की रंजिश को लेकर शनिवार रात एक घर पर गांव के दबंगों द्वारा लाठी-डंडा और कुदाल से जानलेवा हमला किए जाने की घटना सामने आई है। इस हमले में एक महिला सहित सात लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें से एक युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है। उसे तत्काल बहराइच मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि कुछ लोग लाठी-डंडों और कुदाल से घर पर हमला कर रहे हैं। इसी दौरान जब दो युवक मोटरसाइकिल से मौके पर पहुंचते हैं, तो भीड़ उन पर भी टूट पड़ती है और बुरी तरह मारपीट करती है। 49 सेकंड के वायरल वीडियो में कई लोग जान बचाकर भागते भी दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि घटना 25 अक्टूबर की है और दोनों पक्षों के बीच पुरानी चुनावी रंजिश को लेकर यह विवाद हुआ था। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
इस घटना के बाद राजनीतिक सरगर्मी भी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के विधायक राकेश यादव ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर पुलिस पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी आंदोलन करेगी। वहीं, भीम आर्मी ने भी दोषियों की गिरफ्तारी न होने पर सड़कों पर उतरने की धमकी दी है।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस पूरे प्रकरण में उपजिलाधिकारी कार्यालय में कार्यरत एक कर्मचारी राहुल सिंह पर हमला करवाने का आरोप लगाया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और कहा है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

Janmat News 
