एक लाख का इनामी गैंगरेप आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, दोनों पैरों में लगी गोली

आरोपी पर एडीजी प्रयागराज द्वारा एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही थीं।

एक लाख का इनामी गैंगरेप आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, दोनों पैरों में लगी गोली
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

फतेहपुर से भीम शंकर की रिपोर्ट —

फतेहपुर/जनमत न्यूज। फतेहपुर जिले के खागा कोतवाली क्षेत्र में चर्चित गैंगरेप मामले में फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान बबलू सिंह निवासी गढ़ी कस्बा थाना खागा के रूप में हुई है, जो लंबे समय से पुलिस से बचता फिर रहा था।

जानकारी के अनुसार खागा, हथगाम, थरियांव थाना पुलिस और एसओजी टीम संयुक्त रूप से अपराधियों की तलाश में अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी बरकपुर ससुर खदेरी नदी के पास जंगल में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दबिश दी।

पुलिस के मुताबिक खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के दोनों पैरों में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी गैंगरेप, महिला संबंधी गंभीर धाराओं और आईटी एक्ट के मामलों में वांछित था। आरोपी पर एडीजी प्रयागराज द्वारा एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही थीं।

बताया जा रहा है कि 24 अप्रैल को आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक युवती को उसके मंगेतर के सामने बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद पूरे इलाके में भारी आक्रोश फैल गया था और पुलिस पर जल्द गिरफ्तारी का दबाव बढ़ गया था।

मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर गैंगरेप समेत कुल चार मुकदमे दर्ज हैं।