रायबरेली: बाग में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, हत्या की आशंका; पुलिस कर रही जांच
उप्र के रायबरेली जनपद के डीह थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब थाना से करीब 400 मीटर दूरी पर स्थित एक बाग में आम के पेड़ से एक युवक का शव लटकता मिला।
रायबरेली से महताब खान की रिपोर्ट
रायबरेली/जनमत न्यूज़। उप्र के रायबरेली जनपद के डीह थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब थाना से करीब 400 मीटर दूरी पर स्थित एक बाग में आम के पेड़ से एक युवक का शव लटकता मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान मनीष पुत्र भगवान दीन निवासी शाहजहांपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मनीष रिश्तेदारी में डीह क्षेत्र आया हुआ था। सुबह जब स्थानीय लोगों की नजर पेड़ से लटकते शव पर पड़ी तो इलाके में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
प्राथमिक तौर पर शव की स्थिति को देखकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि युवक को मारकर फांसी पर लटकाया गया हो सकता है।
हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Janmat News 
