कन्नौज में सपा प्रदेश अध्यक्ष का तीखा हमला, धीरेंद्र शास्त्री पर दिया विवादित बयान, भाजपा पर भी साधा निशाना
भाजपा पर निशाना साधते हुए सपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि SIR को लेकर भाजपा पूरी तरह से घबरा गई है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा की नीतियों से जनता का भरोसा उठ चुका है और आने वाले समय में इसका राजनीतिक नुकसान पार्टी को भुगतना पड़ेगा।
कन्नौज से अश्वनी पाठक की रिपोर्ट —
कन्नौज/जनमत न्यूज। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने कन्नौज दौरे के दौरान धार्मिक कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री को लेकर एक विवादित बयान देकर सियासी हलकों में हलचल मचा दी। वह शनिवार रात कन्नौज में आयोजित होने वाले हाजी शरीफ उर्स में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री पर तीखा हमला बोला और साथ ही भारतीय जनता पार्टी की नीतियों पर भी सवाल खड़े किए।
सपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री की पैदाइश का आज तक कोई स्पष्ट पता नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि धीरेंद्र शास्त्री एक फूंक में समुद्र सुखाने जैसी बातें करते हैं, जो पूरी तरह से अवैज्ञानिक और जनता को गुमराह करने वाली हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे बयानों के जरिए समाज में अंधविश्वास को बढ़ावा दिया जा रहा है, जबकि देश को वैज्ञानिक सोच और तर्कशीलता की जरूरत है।
भाजपा पर निशाना साधते हुए सपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि SIR को लेकर भाजपा पूरी तरह से घबरा गई है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा की नीतियों से जनता का भरोसा उठ चुका है और आने वाले समय में इसका राजनीतिक नुकसान पार्टी को भुगतना पड़ेगा। इसके साथ ही उन्होंने PDA (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) वर्ग से जुड़ी करीब 30 हजार नौकरियों को “चुराने” का आरोप भी लगाया।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा से सामाजिक न्याय, रोजगार और सांप्रदायिक सौहार्द की पक्षधर रही है। हाजी शरीफ उर्स जैसे आयोजन आपसी भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब का प्रतीक हैं, लेकिन मौजूदा सरकार ऐसे मुद्दों से ध्यान भटकाकर जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रही है।
सपा प्रदेश अध्यक्ष के इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। वहीं भाजपा की ओर से अभी तक इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Janmat News 
