संगठन सृजन के संकल्प के साथ नवनियुक्त कांग्रेस पदाधिकारियों ने ली शपथ
मीरभवन लील पैलेस में जिला कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त पदाधिकारियों के पदग्रहण एवं संकल्प समारोह का आयोजन धूमधाम से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता एवं सांसद प्रमोद तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज। मीरभवन लील पैलेस में जिला कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त पदाधिकारियों के पदग्रहण एवं संकल्प समारोह का आयोजन धूमधाम से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता एवं सांसद प्रमोद तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस जिला अध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी एवं संचालन जिला प्रवक्ता सुरेश मिश्रा ने किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला कोऑर्डिनेटर हरिकेश मिश्रा और जिला कोऑर्डिनेटर प्रमोद मिश्र मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत कांग्रेस सेवादल के साथियों द्वारा वंदे मातरम के सामूहिक गायन से हुई। तत्पश्चात सेवादल के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रेम शंकर द्विवेदी, जिला अध्यक्ष महेंद्र शुक्ला, कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष इम्तियाज अहमद, एवं यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव मो. हुजैफ ने शाल एवं बड़ी माला पहनाकर मुख्य अतिथि का स्वागत किया। अनुसूचित जाति विभाग के जिला अध्यक्ष सुरेश कुमार सरोज ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का चित्र भेंट कर सम्मान किया।
मुख्य अतिथि प्रमोद तिवारी ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को अंगवस्त्र एवं नियुक्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया एवं संकल्प दिलाया कि संगठन को मजबूती से खड़ा करेंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी संवैधानिक मूल्यों का हनन कर रही है, जिसका कांग्रेसजन डटकर विरोध करेंगे। तिवारी ने कहा कि हाल ही में देश की जनता की भावनाओं के साथ जो खिलवाड़ हुआ है, उसका जवाब जनता अवश्य देगी।
जिला कोऑर्डिनेटर हरिकेश मिश्र एवं प्रमोद मिश्र ने कहा कि प्रदेश में संगठन सृजन अभियान पूरी मजबूती से चल रहा है, यह कार्यक्रम उसका महत्वपूर्ण चरण है। उन्होंने भरोसा जताया कि सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी एवं प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में कांग्रेस एक सशक्त संगठन का निर्माण करेगी।
जिला अध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी ने कहा कि आज भाजपा शासन में समाज में नफरत फैलाई जा रही है और संविधान को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। ऐसे दौर में गांधीवादी सिद्धांतों पर चलते हुए कांग्रेस मजबूती से लड़ेगी। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।