रायबरेली: सताँव में फीनिक्स हॉस्पिटल का विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 700 मरीजों का हुआ इलाज

रायबरेली के सतावं ग्रामीण अंचल में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से फीनिक्स हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर, की ओर से  कृष्णपुर ताला स्थित काका मार्केट कैंपस में एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।

रायबरेली: सताँव में फीनिक्स हॉस्पिटल का विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 700 मरीजों का हुआ इलाज
Published By- Diwaker Mishra

रायबरेली से महताब खान की रिपोर्ट 

रायबरेली/जनमत न्यूज़। उप्र के रायबरेली जनपद के सतावं ग्रामीण अंचल में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से फीनिक्स हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर, रायबरेली की ओर से  कृष्णपुर ताला स्थित काका मार्केट कैंपस में एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर सम्राट मेडिकल स्टोर के सहयोग से सम्पन्न हुआ, जिसमें आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की। शिविर में फीनिक्स हॉस्पिटल के विशेषज्ञ डॉक्टरों एवं मेडिकल टीम द्वारा मरीजों की निःशुल्क जांच की गई, चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा आवश्यक दवाओं का मुफ्त वितरण किया गया।

आरएलसी लैब ने भी जांच सेवाओं में सराहनीय योगदान दिया। शिविर में करीब 700 मरीजों की जांच कर निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया गया। डॉ. इरशाद ने बताया कि शिविर में अधिकांश मरीज गठिया रोग से पीड़ित पाए गए। महिलाओं में लिकोरिया (सफेद पानी की समस्या) और पैरों में ऐंठन की शिकायतें अधिक रहीं।

डॉ. सईद के अनुसार लो बैक पेन (कमर दर्द) के मरीजों की संख्या भी काफी रही। इसके अलावा बुखार, सर्दी-खांसी, कमजोरी जैसे सामान्य रोगों के मरीज बड़ी संख्या में जांच के लिए पहुंचे।

डॉक्टरों ने मरीजों को दवाएं देने के साथ-साथ रोगों से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह भी दी। शिविर में महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की विशेष जांच की गई। स्थानीय लोगों ने फीनिक्स हॉस्पिटल की इस जनहितकारी पहल की सराहना की।

फीनिक्स हॉस्पिटल प्रबंधन ने भविष्य में भी ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की बात कही। शिविर को सफल बनाने में डॉ. इरशाद, डॉ. सईद, डॉ. इकरार, अकरम, अनूप यादव, रोशनी यादव, रोशनी खान, मोनू यादव, मोहम्मद सुहैल, अनुपम सरोज, सूर्यपाल लोधी, श्रीपाल लोधी, ऋषभ सिंह, आशीष सिंह एवं अजय बाजपेई सहित अन्य लोगों ने सक्रिय भूमिका निभाई।