खाद की किल्लत पर सपा का जबरदस्त प्रदर्शन

जनपद में खाद की किल्लत को लेकर किसानों की पीड़ा गहराती जा रही है। उर्वरक न मिलने से परेशान किसानों की समस्या को लेकर आज समाजवादी पार्टी ने सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया।

खाद की किल्लत पर सपा का जबरदस्त प्रदर्शन
REPORTED BY - RIZWAN KHAN, PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

बहराइच/जनमत न्यूज। जनपद में खाद की किल्लत को लेकर किसानों की पीड़ा गहराती जा रही है। उर्वरक न मिलने से परेशान किसानों की समस्या को लेकर आज समाजवादी पार्टी ने सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं ने किसानों की समस्याओं को सरकार तक पहुँचाने के लिए राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।

सपा नेताओं ने कहा कि सरकार की कथनी और करनी में जमीन-आसमान का फर्क साफ दिखाई दे रहा है। एक ओर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही का दावा है कि प्रदेश के किसी भी जिले में खाद की कमी नहीं है, जबकि दूसरी ओर वास्तविकता यह है कि खरीद केंद्रों पर किसानों की भारी भीड़ उमड़ रही है। महिलाएँ और पुरुष किसान घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद भी उर्वरक प्राप्त नहीं कर पा रहे हैं।

विरोध प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने सरकार पर किसानों की उपेक्षा का गंभीर आरोप लगाया। उनका कहना था कि अन्नदाता किसान खाद जैसी मूलभूत जरूरत के लिए दर-दर भटक रहा है, पर सरकार केवल दावे कर रही है।

इसी बीच, जिले की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला। भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष जितेंद्र प्रताप सिंह जीतू ने अपने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने कहा कि किसानों की पीड़ा को देखकर वे खुद को असहाय महसूस कर रहे हैं। किसानों को खाद के लिए घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है, यहाँ तक कि उन्हें पुलिस की लाठियाँ तक खानी पड़ रही हैं, मगर सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही।

उन्होंने कहा कि किसान मोर्चा में रहते हुए भी जब वे किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं कर पा रहे हैं, तो यह उनके नैतिक कर्तव्य के खिलाफ है। इसलिए उन्होंने भाजपा से त्यागपत्र देने का निर्णय लिया है।

इस घटनाक्रम ने न केवल जिले की राजनीति में हलचल मचा दी है, बल्कि किसानों की बदहाली और सरकार की नीतियों को लेकर विपक्ष को और आक्रामक बना दिया है। आने वाले समय में यह मुद्दा और भी गरमाने की पूरी संभावना है।