हरदोई में गेस्ट हाउस संचालक की हत्या, जंगल में खून से लथपथ मिला शव; पुलिस कर रही जांच
उप्र के हरदोई जनपद के लोनार कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार शाम उस समय सनसनी फैल गई जब एक महाविद्यालय के पास स्थित जंगल में गेस्ट हाउस संचालक का खून से लथपथ शव बरामद हुआ।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद के लोनार कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार शाम उस समय सनसनी फैल गई जब एक महाविद्यालय के पास स्थित जंगल में गेस्ट हाउस संचालक का खून से लथपथ शव बरामद हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और भारी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। मृतक की पहचान लोनार कोतवाली क्षेत्र के बाजपुर नकटौरा निवासी अनिल भदौरिया उर्फ नीशू सिंह के रूप में हुई है। वह क्षेत्र में एक गेस्ट हाउस का संचालन करते थे।
बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम उनका शव कॉलेज के समीप जंगल में पड़ा मिला। शव पर चोट के निशान थे और आसपास खून फैला हुआ था, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही लोनार कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा, अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलन कराया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एसपी अशोक कुमार मीणा ने बताया कि परिजनों ने पांच लोगों पर हत्या की आशंका जताते हुए आरोप लगाए हैं। तहरीर प्राप्त कर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। आरोपियों की तलाश के लिए टीमों का गठन कर दिया गया है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
फिलहाल हत्या के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।


