हरदोई में पूर्व विधायक के पेट्रोल पंप के मैनेजर पर जानलेवा हमला, लूट का आरोप; 2 गिरफ्तार
उप्र के हरदोई जनपद के संडीला से पूर्व विधायक राजकुमार अग्रवाल के रिलायंस पेट्रोल पंप पर कार्यरत मैनेजर अजय सिंह पर दबंगों ने लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद के संडीला से पूर्व विधायक राजकुमार अग्रवाल के रिलायंस पेट्रोल पंप पर कार्यरत मैनेजर अजय सिंह पर दबंगों ने लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावर मारपीट के दौरान वहां रखे 50 हजार रुपये भी लूट ले गए।
पेट्रोल पंप के पास मारपीट बवाल का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि किस तरह दबंग लोग पिटाई कर रहे है। पिटाई होते देख बीच-बचाव करने आए दलित कर्मचारी कुलदीप के साथ भी अभद्रता की गई और उसे जातिसूचक गालियां दी गईं।
पीड़ित अजय सिंह ने बहादुर, कपिल, अमन और चैना समेत करीब 10 लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है जिसमे 50 हजार रुपये ले जाने का आरोप भी लगाया गया है।
सीओ सण्डीला संतोष कुमार सिंह ने बताया कि बारात में शामिल होने आए लोग आपस मे तेज बात कर रहे थे। इसी बात पर विवाद हुआ है। मुकदमा दर्ज करके दो आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले में आवश्यक कार्यवाई की जा रही है। हालांकि बीच सड़क पर स्थित पेट्रोल पंप पर हुई इस वारदात ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।


