मथुरा में दबंगों का आतंक, युवक के साथ की जमकर मारपीट; पुलिस से शिकायत पर हुए और आक्रामक
उप्र के मथुरा जनपद के थाना गोविंद नगर क्षेत्र की राधे श्याम कॉलोनी में बुधवार देर रात दबंगों का आतंक देखने को मिला, जहां कुछ नशेबाज युवकों ने एक युवक को रास्ते में रोककर उसके साथ जमकर मारपीट की।
मथुरा से सैयद जाहिद की रिपोर्ट
मथुरा/जनमत न्यूज़। उप्र के मथुरा जनपद के थाना गोविंद नगर क्षेत्र की राधे श्याम कॉलोनी में बुधवार देर रात दबंगों का आतंक देखने को मिला, जहां कुछ नशेबाज युवकों ने एक युवक को रास्ते में रोककर उसके साथ जमकर मारपीट की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक अपने घर की ओर जा रहा था, तभी आरोपियों ने उसे घेर लिया और बिना किसी ठोस वजह के उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। घटना यहीं नहीं रुकी। पीड़ित युवक ने जब इस मामले की शिकायत करने की हिम्मत दिखाई, तो दबंग और अधिक आक्रामक हो गए।
आरोप है कि कुछ देर बाद वही लोग युवक के घर पहुंच गए और वहां भी हंगामा खड़ा कर दिया। दबंगों ने घर में घुसकर सामान की तोड़फोड़ की, जिससे परिवार में दहशत फैल गई। घर के सदस्यों ने किसी तरह खुद को सुरक्षित रखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कॉलोनी में इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं, लेकिन इस बार दबंगों का दुस्साहस और भी ज्यादा बढ़ा हुआ नजर आया।
सूचना मिलते ही गोविंद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस ने पीड़ित परिवार से पूरी जानकारी जुटाई और आरोपियों की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।


