कौशांबी: पुलिस मुठभेड़ में भैस चोरी का आरोपी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली; 25 हज़ार का था इनामी

उप्र के कौशांबी जनपद में भैंस चोरी की घटनाओं में वांछित 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया गया।

कौशांबी: पुलिस मुठभेड़ में भैस चोरी का आरोपी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली; 25 हज़ार का था इनामी
Published By- Diwaker Mishra

कौशांबी से राहुल भट्ट की रिपोर्ट

कौशांबी/जनमत न्यूज़। उप्र के कौशांबी जनपद में भैंस चोरी की घटनाओं में वांछित 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया गया। जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी के कब्जे से तमंचा, कारतूस और नकदी भी बरामद हुई है।

मंझनपुर थाना क्षेत्र के बंधवा रजबर और भेलखा गांव से 29 और 30 अप्रैल की रात चार भैंसों और एक बच्चे की चोरी हुई थी। मामले में दर्ज मुकदमों की जांच के दौरान पुलिस पहले ही छह आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि गुड्डू उर्फ साहिल फरार चल रहा था। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस के मुताबिक मुखबिर से सूचना मिली कि गुड्डू उर्फ साहिल एदिलपुर नहर के पास अपने साथियों का इंतजार कर रहा है और किसी वारदात की फिराक में है।

घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी की पहचान गुड्डू उर्फ साहिल पुत्र तूफान अहमद, निवासी रहीमपुर मौलानी, थाना करारी के रूप में हुई है।

उसके कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और 3310 रुपये बरामद किए गए हैं। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ बंधवा रजबर और भेलखा गांव से भैंसें चोरी करने की बात स्वीकार की।

पुलिस के अनुसार चोरी की गई भैंसों को उन्नाव के स्लॉटर हाउस में 30 हजार रुपये में बेच दिया गया था, जिसकी रकम आपस में बांट ली गई थी। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।