मथुरा: कोसीकलां की 12 करोड़ की बड़ी चोरी का खुलासा, 4 गिरफ्तार; 7 किलो सोना बरामद
उप्र के मथुरा जनपद के थाना कोसीकलां क्षेत्र में हुई 12 करोड़ रुपये की बड़ी ज्वैलरी चोरी का पुलिस ने 48 घंटे के अंदर ही खुलासा कर दिया है।
मथुरा से सैयद जाहिद की रिपोर्ट
मथुरा/जनमत न्यूज़। उप्र के मथुरा जनपद के थाना कोसीकलां क्षेत्र में हुई 12 करोड़ रुपये की बड़ी ज्वैलरी चोरी का पुलिस ने 48 घंटे के अंदर ही खुलासा कर दिया है।
पुलिस ने इस मामले में 2 युवकों और 2 महिलाओं सहित 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी किया गया 7 किलो 120 ग्राम सोना और 11 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पूरा मामला जुगल किशोर ज्वैलर्स का है। जहां 13 सितंबर की शाम साढ़े सात बजे से 14 सितंबर की सुबह 10 बजे के बीच शातिर चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर करीब 12 करोड़ रुपये के सोने के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी आगरा और एसएसपी मथुरा खुद मौके पर पहुंचे थे और मामले की मॉनिटरिंग कर रहे थे।
पुलिस टीम ने आज 15 सितंबर को दोपहर 12:59 बजे गोपालबाग क्षेत्र से मुख्य अभियुक्त विष्णु उर्फ पप्पू सोनी पुत्र कमल सोनी उम्र 27 वर्ष और उसके भाई मोहन सोनी पुत्र कमल सोनी उम्र 22 वर्ष, दोनों निवासी मोहल्ला रामनगर कोसीकलां के साथ 2 महिला सह-अभियुक्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने 7 किलो 120 ग्राम सोने के आभूषण, 11 लाख रुपये नकद के अलावा घटना में प्रयुक्त गैस कटर, वायर कटर, लॉकर की चाबी, DVR, घटना के समय पहने गए कपड़े और झोला भी बरामद किया है।
इस बड़ी सफलता में थाना कोसीकलां प्रभारी कमलेश कुमार, एसपी ग्रामीण सुरेश चन्द रावत, STF के ASP राकेश यादव, CO छाता भूषण वर्मा के साथ ही थाना शेरगढ़ प्रभारी अजय किशोर और थाना जैत अध्यक्ष सोनू बेसला की टीम का विशेष सहयोग रहा।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ जारी है और चोरी का बाकी बचा हुआ माल भी जल्द बरामद कर लिया जाएगा। इस घटना के खुलासे से कोसीकलां के व्यापारी वर्ग ने राहत की सांस ली है।




