आत्महत्या से रोकने पहुंची पुलिस पर युवक का पथराव, दरवाजा तोड़कर बचाया गया, दो सिपाही घायल
ग्रामीणों के अनुसार रवि की शादी लगभग छह वर्ष पहले हुई थी, लेकिन शादी के चार महीने बाद ही उसकी पत्नी उसके छोटे भाई रंजीत कुमार के साथ रहने लगी, जो गाजियाबाद में निजी नौकरी करता है। इसी घटना के बाद से रवि मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था और नशे का भी आदी हो गया था।
औरैया से अरूण बाजपेयी की रिपोर्ट —
औरैया/जनमत न्यूज। औरैया जिले के दिबियापुर थाना क्षेत्र में आत्महत्या का प्रयास कर रहे एक युवक को बचाने पहुंची पुलिस पर पथराव करने का मामला सामने आया है। घटना हरचंदपुर चौकी क्षेत्र के गुलरिहा गांव की है, जहां युवक ने खुद को कमरे में बंद कर आत्महत्या करने की कोशिश की। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर युवक को बाहर निकाला, लेकिन इस दौरान युवक ने ईंट-पत्थर चलाकर दो पुलिसकर्मियों को घायल कर दिया।
जानकारी के अनुसार गुलरिहा गांव निवासी रवि कुमार पुत्र छोटे लाल ने मंगलवार को अपने घर के एक कमरे में खुद को बंद कर लिया और आत्महत्या का प्रयास करने लगा। इस घटना की जानकारी उसके भाई अजीत ने डायल 112 पुलिस को दी। सूचना मिलने पर 112 पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन रवि ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता करते हुए ईंटों से पथराव शुरू कर दिया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए 112 पुलिस ने हरचंदपुर चौकी को सूचना दी। इसके बाद चौकी इंचार्ज विकास त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। युवक ने पुलिस टीम पर भी पथराव किया, जिससे सिपाही पवन और अनुराग घायल हो गए।
इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कमरे का दरवाजा तोड़कर रवि को बाहर निकाला। घटना के दौरान घबराहट के कारण उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद पुलिस उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दिबियापुर ले गई। डॉक्टरों के अनुसार युवक की हालत अब सामान्य बताई जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार रवि की शादी लगभग छह वर्ष पहले हुई थी, लेकिन शादी के चार महीने बाद ही उसकी पत्नी उसके छोटे भाई रंजीत कुमार के साथ रहने लगी, जो गाजियाबाद में निजी नौकरी करता है। इसी घटना के बाद से रवि मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था और नशे का भी आदी हो गया था। कुछ दिन पहले जब रंजीत घर आया था, तब दोनों भाइयों के बीच झगड़ा भी हुआ था।
चौकी इंचार्ज विकास त्रिपाठी ने बताया कि युवक द्वारा आत्महत्या का प्रयास किए जाने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। युवक ने पुलिस पर पथराव किया, जिसमें दो सिपाही घायल हो गए। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Janmat News 
